कुमाऊं पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपितों की दो करोड़ से अधिक की संपत्ति की जब्त
कुमाऊं पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपितों की दो करोड़ से अधिक की संपत्ति की जब्त
नैनीताल, 24 फ़रवरी । प्रदेश में कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस ने पहली बार गैंगस्टर एक्ट के आरोपित की सम्पत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की है।
कुमाऊं परिक्षेत्र के आईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि स्मैक तस्कर फाजिल खां पुत्र सादिक खां निवासी इन्द्रनगर यूनिस की डेरी के पीछे थाना पुलभट्टा जिला ऊधमसिंह नगर व वसीम पुत्र इब्राहीम निवासी चारबीघा सिरौलीकला की लगभग दो करोड़ से अधिक की सम्पति कुर्क की गई है। इसके अलावा 13 अभियोगों में गैंगस्टर के 25 आरोपितों की 14 करोड़ 42 लाख 58 हजार 245 रुपए की सम्पत्ति जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने बताया कि जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने थाना पुलभट्टा में 25 जनवरी 2022 को फाजिल व यूनिस के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोह बन्ध एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2/3 के तहत दर्ज अभियोग की विवेचना के दौरान पाया कि फाजिल स्मैक का बहुत बड़ा तस्कर है तथा वसीम गौ तस्कर है। फाजिल ने वसीम को अपनी तरफ मिलाकर अपना एक बहुत बड़ा गिरोह तैयार कर लिया। विवेचनात्मक कार्रवाई में दोनों आरोपितों की सम्पति को चिन्हित कर लगातार अलग-अलग विभागों से रिपोर्ट प्राप्त कर ऊधमसिंह नगर के एसएसपी के माध्यम से ऊधमसिंह नगर के जिला मजिस्ट्रेट को उसकी संपत्ति की जब्तीकरण की रिपोर्ट प्रेषित की गयी। इस पर पुलिस एवं प्रशासनिक टीम ने 22-23 फरवरी को दोनों आरोपितों की चल व अचल संपत्ति अधिगृहित कर ली है। जब्त की गयी सम्पति की कुल कीमत 2 करोड़ 6 लाख 50 हजार रुपये आंकी गयी है। इसमें फाजिल खां के 1.2 करोड़ रुपये के दो मकान, करीब 50 लाख की दो बीघा व्यवसायिक जमीन, वसीम के करीब 30 लाख रुपये कीमत के दो मकान, वसीम के भाईयों के नाम की 5 लाख रुपये की एक पिकप, करीब 1 लाख का एक टैम्पो व करीब 50 हजार रुपये की एक मोटरसाइकिल शामिल है।
डॉ. भरणे ने बताया कि इसके अलावा जनपद नैनीताल पुलिस ने 4 अभियोगों में 5 आरोपितों की करीब दस करोड़ तेरह लाख बयासी हजार 773 रुपये, जनपद चम्पावत पुलिस ने 2 अभियोगों में 3 आरोपितों की एक करोड 36 लाख 67 हजार 473 रुपये व जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने 7 अभियोगों में 17 आरोपितों की दो करोड़ 92 लाख 35 हजार रुपये की यानी कुल पूरे कुमाऊं परिक्षेत्र में कुल 13 अभियोगों में 25 आरोपितों की 14 करोड़ 42 लाख 58 हजार 245 रुपये की सम्पत्ति जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है।





