खूंटी को मिला नया उपायुक्त: मो. जावेद हुसैन ने संभाला पदभार, जनकल्याण और विकास को बताया प्राथमिकता

खूंटी : भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2019 बैच के अधिकारी मोहम्म्द जावेद हुसैन ने रविवार को खूंटी जिले के 16वें उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया से औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण समारोह जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं संचालित करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
उपायुक्त ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं को गति दी जाएगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि खूंटी जिले के समग्र विकास के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके।





