केदारनाथ धाम नहीं बल्कि केदारनाथ मंदिर का स्थानीय ट्रस्ट करा रहा निर्माण: महेंद्र भट्ट
देहरादून,। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में
निर्माणाधीन केदारनाथ मंदिर को लेकर उपजे विवाद पर कहा कि दिल्ली में
केदारनाथ धाम नहीं बल्कि केदारनाथ मंदिर का निर्माण किया जा रहा है और इस
मंदिर के निर्माण में उत्तराखंड सरकार का कोई योगदान नहीं है।
भाजपा
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि दिल्ली में जो केदारनाथ मंदिर
का निर्माण किया जा रहा है, वह एक निजी ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है।
उस ट्रस्ट का नाम भी श्री केदारनाथ धाम ट्रस्ट दिल्ली है। उन्होंने कहा कि
इस मंदिर में उत्तराखंड सरकार का कोई योगदान नहीं है। राज्य के
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को समारोह में सम्मान पूर्वक बुलाया गया तो
वे वहां चले गए।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से वर्ष 2015 में
तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे हरीश रावत ने भी मुम्बई में बद्रीनाथ मंदिर के
निर्माण का शिलान्यास किया था। दिल्ली में मंदिर बनवा रहे लोग उत्तराखंड के
निवासी हैं और परंपरा को आगे बढ़ाने सहित ट्रस्ट द्वारा और भी कई सामाजिक व
धार्मिक कार्य समय समय पर किये जाते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने
कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व में चारधाम
मार्ग पर अभूतपूर्व अवस्थापनात्मक विकास कार्य हुए है। चार धाम में
श्रद्धालुओं की संख्या ने सारे रिकॉर्ड तोड़े हैं। केदारपुरी और बद्रीनाथ
धाम का मास्टर प्लान के तहत विकास किया जा रहा है। केदारनाथ के लिए रोप वे
बनने के बाद श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधा हो जायेगी। इससे इनकी संख्या और
बढ़ेगी।





