बढ़ते रंगदारी मामलों को लेकर पुलिस ने बनाया एक्शन प्लान, रांची में एंटी एक्सटॉर्शन स्क्वॉड का गठन
रांची:झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में अचानक संगठित आपराधिक गिरोहों और कुछ उग्रवादी संगठनों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। ऐसे संगठनों पर नकेल कसने के लिए रांची में एंटी एक्सटॉर्शन स्क्वाड का गठन किया गया है। वही एक्सटॉर्शन के मामलों को लेकर विभिन्न जिलों के एसपी को आपस मे समन्वय स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया है। राजधानी रांची सहित आसपास के जिलों में हाल के दिनों में एक्सटॉर्शन के मामले बढ़े हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि रांची में रहने वाले कारोबारी को अगर रांची से बाहर धमकी मिल रही है तो उसकी सूचना रांची पुलिस के पास नहीं रहती है। ऐसे में पुलिस के द्वारा रांची में वैसे लोगों को सुरक्षा उपलब्ध करवा पाना मुश्किल भरा काम रहता है। इस तरह के मामलों में सुरक्षा में चूक होती है जिसकी वजह से हाल के दोनों कई कारोबारियों पर हमले हुए, जिसमें कुछ की मौत तक हो गई। ऐसे मामलों पर ब्रेक लगाने के लिए पुलिस के द्वारा प्रयास शुरू कर दिया गया है। रांची डीआईजी अनूप बिरथरे ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को चतरा में धमकी मिल रही है और वहां के किसी थाने में उसके द्वारा मामला दर्ज करवाया गया है और वह व्यक्ति अगर रांची का रहने वाला हो, तो चतरा पुलिस की यह जिम्मेदारी होगी कि वह रांची पुलिस को भी इस मामले की पूरी जानकारी दें। ताकि रांची में स्थानीय थाने को अलर्ट किया जा सके।





