शिविर लगाकर हुई जांच, मिले 55 कोरोना पॉजिटिव
कोडरमा। जिले के झुमरीतिलैया समेत विभिन्न जगहों पर सोमवार को शिविर लगाकर लोगों की कोरोना जांच की गई। इस दौरान कुल 55 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 994 हो गयी है, जिनमें अबतक 821 स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को भी 17 मरीजों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आने के बाद उन्हें कोविड अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। पाए गए मरीजों में एंटीजेन मशीन से 28, ट्रुनेट से 20 और आरटीपीसीआर से 7 लोग शामिल हैं। जिला सर्विलांस पदाधिकारी डॉ मनोज कुमार ने बताया कि सभी 55 लोगों को विभिन्न कोविड अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। जयनगर प्रखंड के बडकी हिरोडीह को कंटेनमेंट जोन बनाए जाने के बाद गांव में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हुए संदिग्ध व्यक्तियों का आरटी पीसीआर से जांच किया गया। लैब टेक्नीशियन जितेन्द्र कुमार, बहुद्देशीय स्वयं सेवक अनिल कुमार पासवान, एएनएम नूतन कुजूर, बीटीटी जय प्रकाश यादव आदि चिकित्सा कर्मियों के द्वारा बडकी हिरोडीह बजरंगबली मंदिर के समीप जांच शिविर का आयोजन किया गया। कुल 32 लोगों की जांच हुई जिसमें 12 लोग बडकी हिरोडीह बजरंगबली मंदिर केन्द्र से कोरोना पॉजिटिव पाए गए।





