तेज रफ्तार कार ने बिजली पोल को मारी टक्कर
रामगढ़। रांची पटना राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर पटेल चौक कांकेबार में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने बिजली पोल में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार के साथ-साथ बिजली के पोल पर लगे ट्रांसफार्मर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हालांकि कार पर सवार चार युवक बाल बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रही तेज रफ्तार हुंडई वेन्यू कार के चालक ने नियंत्रण खो दिया और कांकेबार गांव घुसने वाली मार्ग पर लगे बिजली पोल के दो खंभों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल पर लगा ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में बिजली गुल हो गई है। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कार पर सवार चार युवकों को हिरासत में लेकर थाना ले आई।





