जंगली हाथियों के झुंड ने किसान का घर किया क्षतिग्रस्त
जंगली हाथियों के झुंड ने किसान का घर किया क्षतिग्रस्त
बिश्वनाथ (असम), 24 फरवरी । जिले के गहपुर के दक्षिणी हिस्से में जंगली हाथियों के आतंक से ग्रामीण बेहद डरे हुए हैं। गहपुर के दक्षिणी हिस्से में बकरीदलनी ग्राम पंचायत के निचले इलाकों में जंगली हाथियों ने गुरुवार रात को एक घर को तोड़ कर पूरा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया है कि बीती रात लगभग 12.30 बजे 10 से 15 जंगली हाथियों के एक दल ने निचले इलाके में एक किसान तेज बहादुर प्रधान के घर पर धावा बोल दिया। जंगली हाथियों के हमले से प्रधान के परिवार वाले भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। हाथियों ने उनका पूरा घर और लगभग सभी सामान नष्ट कर दिया। इसके अलावा, कई पेड़-पौधों औऱ खेती को जंगली हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय उद्यान काजीरंगा में जोड़े गये 6वें वन क्षेत्र से भोजन की तलाश में आने वाले जंगली हाथियों का झुंड इलाके में अक्सर उत्पात मचाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है इसकी जानकारी गहपुर वन विभाग को दिये जाने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है, जिसके चलते आम लोगों के जान-माल की सुरक्षा खतरे में है। लोगों ने वन विभाग से इस संबंध में ठोस कदम उठाते हुए हाथियों के दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।





