मुख्य सामग्री पर जाएँ
ब्रेकिंग
Rajasthan Panchayat Election 2026: पंचायत चुनाव का ऐलान, 4 चरणों में होगी वोटिंग, जानिए पूरा शेड्यूलमुंबई में CJP का प्रदर्शन पड़ा भारी! जेल भरो आंदोलन पर FIR, आयोजकों में हड़कंपज्ञानेश कुमार पर चले लोकतंत्र की हत्या का मुकदमा! प्रमोद तिवारी का बड़ा हमलाBJP का झंडा उतारने वाले संजयन त्रिपाठी अब साइकिल पर सवार, समाजवादी पार्टी में हुए शामिलCM Yogi का बड़ा तोहफा: 4.60 लाख छात्रों के खाते में आई छात्रवृत्ति, आपके खाते में आई क्या? चेक करेंNoida: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से युवक ने लगाई छलांग, मौके पर दर्दनाक मौत, सोसाइटी में हड़कंपमुंबई प्रदर्शन के बाद CJP का दिल्ली कूच का ऐलान, अभिजीत दिपके ने कही ये बड़ी बातगठबंधन में फूट! रायबरेली से डरते थे राहुल गांधी! सपा नेता का बड़ा खुलासा, अखिलेश ने दी थी धमकी

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 · सुबह 9:56 · नई दिल्ली संस्करण

हरियाणा में बारिश ने मचाई तबाही, मकान गिरने और पेड़ गिरने से छह की मौत, 16 घायल

राष्ट्रीय सागर डेस्क3 मिनट का पठन
हरियाणा में बारिश ने मचाई तबाही, मकान गिरने और पेड़ गिरने से छह की मौत, 16 घायल

चंडीगढ़। हरियाणा में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। हरियाणा में मंगलवार की रात व बुधवार की सुबह बारिश के कारण मकान गिरने व अन्य घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हो गए। घायलों में छह स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।

भिवानी में बारिश के बीच मकान गिरने से मलबे में दबकर तीन बच्चियों की मौत हो गई, जबकि माता-पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस समय हादसा हुआ उस समय घर के सभी लोग सो रहे थे।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 3 बच्चियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 3 घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।

मृतकों की पहचान कलिंगा गांव निवासी अंशिका (15), दिशा (9) और भारती (7) के रूप में हुई है। ओमपाल (45), उसकी पत्नी अनिता (40) और बेटा ध्रुव (5) घायल हैं।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में बुधवार सुबह एक मकान की छत गिरने से 2 सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को मलबे से निकालकर शाहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। घटना शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी की है। जहां एक घर में सात लोग सो रहे थे। हादसे से कुछ समय पहले एक व्यक्ति उठकर बाहर गया तो वह बच गया। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रहने वाले संदीप (26) और कुलदीप (27) के रूप में हुई है। सभी काम करने के लिए शाहाबाद आए हुए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शी विजय कलसी ने बताया कि अनाज मंडी रोड स्थित डेरे के पास 8 दिन पहले सभी लोग काम करने के लिए आए थे। जिस मकान में ये सभी लोग रहे थे, वह कच्चा था। बुधवार सुबह 7 बजे अचानक मकान की छत गिर गई। उस समय लोग सो रहे थे। कल्लू उठकर बाथरूम में चला गया तो वह बच गया। मलबे में दबने से संदीप और कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने से पहले संदीप और कुलदीप की मौत हो चुकी थी। राजेंद्र, पप्पू, सुनील और राजू को दाखिल कर लिया गया।

उधर यमुनानगर जिले में बुधवार सुबह एक मकान की छत ढह गई। हादसे में बैंदी गांव के मान सिंह (45) की मौत हो गई। उसकी पत्नी और तीन बच्चों को भी चोटें आई हैं। मान सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने मकान की नींव को कमजोर कर दिया था।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव वाले मौके पर पहुंचे और उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद मान सिंह और उनके परिवार को मलबे से निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पंचकूला में बुधवार की सुबह एक कार पर पेड़ गिरने से छह स्कूली बच्चे दब गए। मौके पर जमा हुए लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। आनंद अत्री ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि पंचकूला के सेक्टर-चार स्थित सतलुत पब्लिक स्कूल में उसके भाई अनूप अत्री बच्चों को छोड़ने के लिए आए। इसी दौरान उन्होंने गाड़ी स्कूल के बाहर खड़ी की तो अचानक भारी पेड़ गाड़ी पर गिर गया। हादसे के दौरान कार में अनूप अत्री और 6 बच्चे सवार थे। हादसे में आनंद अत्री के दो बच्चे और उनके भाई अनूप अत्री के दो बच्चे और उनकी बहन के दो बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।

यह ख़बर दूसरों तक पहुँचाएँ

WhatsAppFacebookX

संबंधित ख़बरें