पुलिस ने 415 खोए मोबाइल ढूंढकर उनके स्वामियों को लौटाए
हरिद्वार,। जनपद में विगत पांच माह में खोए हुए मोबाइल में से 415
मोबाइलों को ढूढंकर पुलिस ने पीड़ितों को वापस लौटाए हैं। अपने खोए हुए
मोबाइल के मिलने की आस छोड़ बैठे पीड़ितों के चेहरों पर मोबाइल पाकर खुशी झलक
उठी। लौटाए गए मोबाइलों की कीमत 76 लाख रुपये बतायी गई है।
रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में गुरुवार को एसएसपी ने पीड़ितों को उनके मोबाइल लौटाए।
एसएसपी
प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन मिसिंग मोबाइल
चलाया हुआ है। जिसके तहत साइबर सेल की एक विशेष यूनिट द्वारा लोगों के खोए
हुए मोबाइलों को ढूंढने के लिए दिन-रात मेहनत की जाती है। अभियान के तहत 76
लाख रुपये से अधिक के 415 मोबाइल फोन्स को ढूंढने में सफलता हासिल की।
पुलिस
कार्यालय सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में एक-एक कर सभी मोबाइल
स्वामियों को उनके खोए मोबाइल सौंपे। जिनमें से कुछ फोन विभिन्न राज्यों से
आए श्रद्धालुओं, यात्रियों के व कुछ मोबाइल स्थानीय निवासियों के हैं।
हरिद्वार
पुलिस की साइबर टीम विगत लगभग 19 माह के भीतर अबतक करीब 3 करोड़ कीमत के
1672 खोए मोबाइलों को बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप चुकी है।





