शिक्षा के माध्यम से ही उन्नति संभव :डॉ. विजयपाल
हरिद्वार, । भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखंड के प्रदेश निरीक्षक डॉ.
विजयपाल सिंह ने कहा कि शिक्षा से मनुष्य की बुद्धि का विकास होता है, साथ
ही साथ उसमें अच्छे संस्कार भी उत्पन्न होते हैं। उसे सही परख होने के
साथ-साथ उसके अनुरूप अच्छी दिशा प्राप्त होती है।
वे सरस्वती विद्या
मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान-समारोह में
बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से मनुष्य उन्नति और
प्रगति के पथ पर अग्रसर होता है। बिना शिक्षा के मनुष्य का जीवन उन्नति
विहीन होता है। उसे यथासमय उसकी इच्छा के अनुरूप जीवन में उन्नति नहीं मिल
पाती। उन्होंने कहा कि आज का दौर शिक्षा क्षेत्र में आई एक अद्भुत क्रांति
का दौर है। इस दौर में मनुष्य का शिक्षित होना अति आवश्यक है। जो मन लगाकर
शिक्षा ग्रहण करता है उसे जीवन में कभी कठिनाई नहीं होती, वह प्राप्त की गई
शिक्षा के माध्यम से सदैव बुलंदियों की शिखर पर होता है।
इस
अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को कमला नेहरू पुरस्कार से सम्मानित किया
गया। इस समाराेह में विद्यालय के प्रबंधक जगपाल, सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी
श्रीमती सुनीता वर्मा, उप प्राचार्य अजय, मनीष धीमान सहित गण्यमान्य लोग और
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।





