चोरी की योजना बनाते पांच टप्पेबाज गिरफ्तार
हरिद्वार,। नगर कोतवाली पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए पांच लोगों
को आला नकब के साथ गिरफ्तार किया है। इन पर गंगा घाटों पर आने वाले लोगों
का सामान चोरी करने का आरोप है।
पुलिस को मुखबिर की
ओर से मायापुर चौकी स्थित परशुराम की सीढ़ियाें पर चोरी की योजना बना रहे
कुछ संदिग्धों के संबंध में सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पांच
आरोपितों को आला नकब के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपितों
ने बताया कि वे लोग गंगा घाटों और बस स्टेशन पर लोगों का बैग, पेंट, मोबाइल
आदि चुराते हैं। आरोपित पूर्व में भी अलग-अलग थानों से जेल जा चुके हैं।
पकड़े गये आरोपितों ने अपने नाम और पते बेचुलाल पुत्र भगोती कुमार, राजकुमार
पुत्र अज्ञाराम, ननकोने पुत्र रामलोचन निवासीगण ग्राम दुल्हापुर खास थाना
धानेपुर जिला गोण्डा उ.प्र., गोमती पुत्र प्यारे निवासी ग्राम करमोहनी थाना
मोतीगंज जिला गोण्डा उ.प्र. और सुरेश कुमार पुत्र श्रीपाल निवासी ग्राम
जिगणा थाना मनकापुर जिला गोण्डा उ.प्र. बताए।
पुलिस ने आरोपितों के
कब्जे से पांच आलानकब बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कर उनका चालान कर दिया है। आरोपितों का पुलिस आपराधिक इतिहास खंगालने में
जुटी है। आरोपित लक्सर क्षेत्र के लंढौरा में किराए के मकान पर रहकर घटनाओं
को अंजाम दिया करते थे।





