उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड, मौसम विभाग का पूर्वानुमान
एजेंसी । उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप जारी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है, वहीं दिल्ली में आज मौसम में थोड़ा सुधार हुआ है। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। राजधानी दिल्ली में ताजा पश्चिमी विक्षोभ से हिमालय के ऊपरी हिस्सों के प्रभावित होने के चलते दिल्ली का न्यूनतम तापमान सोमवार को थोड़ी वृद्धि के साथ 5.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
23 से 26 दिसंबर के बीच दिल्ली में शीतलहर के आसार
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में 23 से 26 दिसंबर के बीच शीतलहर चल सकती है। विभाग ने इस अवधि के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की धुंध रहने का भी अनुमान जताया है। मौसम विभाग मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम अथवा लगातार दो दिन तक सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने पर शीतलहर की घोषणा करता है। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली जैसे छोटे इलाकों में अगर एक दिन भी तापमान तय मानदंडों के अनुसार रहता है तो शीतलहर की घोषणा की जा सकती है।
बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से चलने वाली बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच से छह दिन तक न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कश्मीर में विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान में रविवार को थोड़ा सुधार हुआ लेकिन घाटी में रात में पारा शून्य से नीचे बना हुआ है।
महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार से राज्य के नगर निगमों में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है।
कोरोना की नई स्ट्रेन के खतरे को देख महाराष्ट्र सरकार भी हुई सतर्क, कल से शहरी इलाकों में नाइट कर्फ्यू का एलान
लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां तापमान शून्य से 11 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। केलांग, काल्पा, मनाली और मंडी में पिछले 24 घंटे में तापमान शून्य से नीचे रहा। लाहौल-स्पीति में सर्दी की वजह से घाटी के कई इलाकों में पानी की लाइनें, चंद्रभागा नदी समेत कई जलाशयों में पानी जम गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि इस महीने के अंत तक केंद्र शासित प्रदेश में भारी बर्फबारी का अनुमान नहीं है जबकि कश्मीर के कुछ स्थानों पर सोमवार को हल्की बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं और कई स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है।





