राजेन्द्रा ज्वैलर्स से लाखों का सोना चोरी, कारीगर पर चोरी का आरोप

फतेहाबाद। शहर की धर्मशाला रोड स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से लाखों का सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी का आरोप पड़ोस में काम करने वाले एक कारीगर पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को दुकान मालिक की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव मानावाली निवासी राजेन्द्र कुमार ने कहा है कि उसकी फतेहाबाद में धर्मशाला रोड पर राजेन्द्रा ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उसने अपनी दुकान पर सोने के जेवरात बनाने के लिए कारीगर सकान्त माली पुत्र सोमनाथ माली निवासी फतेहाबाद को रखा हुआ था।उसके पास ही विक्टर गोरूई निवासी जिला कानपुर ने सोना-चांदी कारीगर की दुकान कर रखी है। विक्टर उसकी दुकान के कारीगर सकान्त के पास 2-3 दिनों से मिलने आता-जाता था। गत दिवस शाम को जब वह दुकान पर बैठकर काम कर रहा था तो विक्टर हाथ में लिफाफा लेकर सकान्त के पास आया। मौका पाकर विक्टर ने दुकान में बनी दराज से 80 ग्राम सोना चोरी करके लिफाफे में डाल लिया और मौके से चला गया।राजेन्द्र ने कहा कि जब उसे दुकान से सोना चोरी होने का पता चला तो उसने पहले आसपास युवक की अपने स्तर पर तलाश की लेकिन जब उसका कहीं कुछ पता नहीं चला तो उसने इस बारे पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी विक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





