पूर्व केन्द्रीय मंत्री कार्तिक उरांव की जयंती मनाई गई
रांची। झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले पूर्व केन्द्रीय मंत्री कार्तिक उरांव की जयंती पर आज रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्तिक उरांव जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने किया, जबकि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा रामेश्वर उराँव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें कार्तिक बाबू का सानिध्य प्राप्त करने का मौका मिला। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेशनल कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा एक छोटे से गांव से निकलकर देश प्रेम और राज्य प्रेम ने उन्हें राजनीति में लाया और उनकी राजनीति ने झारखण्ड अलग राज्य का सपना देखा और पूरा हुआ। पद्मश्री मुकुन्द नायक ने कहा कार्तिक बाबा की जयंती मना रहे हैं, उनको शत-शत नमन है।पूरा देश दुनिया में अपने व्यक्तित्व के माध्यम से आदिवासी समाज के सांस्कृतिक परंपरा को उजागर किया, आदिवासी समाज को जो प्रोत्साहन कार्तिक बाबू ने दिया है दूसरा कोई नहीं हुआ। कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि कार्तिक बाबू ने अपने सार्वजनिक जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव देखे। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डा राजेश गुप्ता छोटू ने कहा एक विश्वविख्याल अभियंता जो दस वर्षां तक तक सांसद भी रहा हो, अपने जीवन की प्राथतिमक आवश्यकता एक अदद घर भी नहीं बना सके, यह एक अचंभित करने वाली बात थी। इस मौके पर पद्मश्री मुकुंद नायक, जल पुरुष पद्मश्री सिमोन उरांव, कत्थक और लोक नृत्य कलाकर विपुल नायक, प्रयास हमारा संस्था के संस्थापक अजीत टोप्पो,अंतरराष्ट्रीय एथलीट पुष्पा हस्सा, छऊ नृत्य व मांदर के विख्यात कलाकार मनपुरण नायक, मर्यादा गंभीर संस्था की ख्याति मुंजाल को शॉल,सर्टिफिकेट और बुके देकर सम्मानित किया गया।सभी सम्मानित अतिथियों ने अपने संबोधन में कार्तिक उराँव के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला एवं मुकुन्द नायक तथा मनपुरण नायक ने संगीत भी प्रस्तुत किया।





