जयंती पर याद किए गए पूर्व राज्यपाल भीष्म नारायण
मेदिनीनगर : पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में जिला अध्यक्ष जैश रंजन पाठक उर्फ बिट्टू पाठक की अध्यक्षता में स्वर्गीय भीष्म नारायण सिंह की जयंती मनाई गई। सबसे पहले कांग्रेस जनों ने उनके तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस मौके पर पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बिट्टू पाठक ने कहा कि भीष्म नारायण सिंह का जन्म13 जुलाई 1933 को पलामू जिला के उदयगढ़ में हुआ। बचपन से भीष्म नारायण सिंह मृदुभाषी थे। शालीनतापूर्ण विशिष्ट गुणों से युक्त उनमें समाज की सेवा एवं राजनीति में गहरी रुचि थी। इस कारण पढ़ाई पूरी करने के उपरांत वे राजनीति में कूद पड़े। पहली बार 1967 में हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा के लिए चुने गए। दूसरी बार पुनः हुसैनाबाद से ही 1969 में और तीसरी बार1972 में लेस्लीगंज पाटन विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित घोषित किए गए। स्व भीष्म नारायण सिंह पलामू प्रमंडल के राजनीति एवं सामाजिक जीवन जीने वाले लोगों के लिए एक मील का पत्थर है जो यहां के लोगों को सदियों तक प्रेरित करता रहेगा। पलामू जैसे क्षेत्र से पूरे देश में अपनी पहचान बनाने वाले ऐसे व्यक्तित्व को पलामू हमेशा याद रखेगा। पलामू के लिए यह एक ध्रुव तारे के जैसा हैं जो हमेशा टिमटिमाते रहेंगे। युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी इमरान अली , मिथलेश सिंह , जितेंद्र कमलापुरी , अजय साहू , राजेश चौरसिया, शशांक सुमन,सैलेश कुमार आनद कुमार सूर्यांश प्रताप सिंह, मुकेश चौरसिया आदि उपस्थित थे।





