पढ़ाई के लिए रुपया नहीं बनेगा बाधा: चंपाई सोरेन
सरायकेला : मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के सतत विकास की दिशा में लगातार प्रयत्नशील है। राज्य की जनता की सोच और भावनाओं के साथ हमारी सरकार खड़ी है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं धरातल पर उतर रहीं हैं। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उक्त बातें उन्होंने गुरुवार को सरायकेला - खरसावां जिला के गम्हरिया प्रखंड स्थित खरकाई गंजिया बराज में विभिन्न योजनाओं के उद्घाटन- शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कही। इस अवसर पर सरायकेला -खरसावां जिले को 84 योजनाओं की सौगात दी। इसमें 11 योजनाओं का उद्घाटन और 73 योजनाओं की आधारशिला रखी गई। जिसके तहत 356 करोड़ 27 लाख 28 हजार रुपए खर्च होंगे। जहां उद्घाटन योजनाओं की कुल राशि 28 करोड़ 25 लाख 32 हजार 9 सौ रूपये है, वहीं शिलान्यास योजनाओं की राशि 328 करोड़ 1 लाख 95 हजार रूपये है।
शिक्षा का दिया नहीं बुझेगा, बच्चों को मिल रहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा का ऐसा दीप जला रहें है जो कभी नहीं बुझेगा। सरकार यहां के बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है।पैसे के अभाव के कारण अब बच्चों की पढ़ाई नहीं छूटेगी। सरकार द्वारा प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा दी जा रही है। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं । निजी विद्यालयों की तर्ज पर गरीब बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन देने के लिए स्कूल ऑफ एक्सीलेंस खोले गए हैं । स्कॉलरशिप की राशि में तीन गुना इजाफा किया गया है । सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजनाओं से अब तक 9 लाख छात्राओं को लाभ मिल चुका है। आज राज्य के आदिवासी, दलित, पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक के बच्चे विदेश में पढ़ाई कर रहे है। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के तहत राज्य के युवक एवं युवतियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए छात्रवत्ति प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर मंत्री बादल पत्रलेख , विधायक दशरथ गागराई, सबिता महतो, मुख्यमंत्री के सचिव अरवा राजकमल, प्रमुख अभियंता जल संसाधन विभाग नागेश मिश्रा, प्रशासक स्वर्ण रेखा परियोजना मंजूनाथ भजन्त्री ,जिले के उपायुक्त समेत अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।





