खजुराहो में जी-20 की बैठक में आए विदेशी प्रतिनिधियों ने आदिवर्त को देखा
खजुराहो में जी-20 की बैठक में आए विदेशी प्रतिनिधियों ने आदिवर्त को देखा
भोपाल, 24 फरवरी । मप्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में इन दिनों जी-20 संस्कृति कार्य समूह की पहली बैठक चल रही है। इसमें शामिल होने के लिए खजुराहो आये विदेशी डेलीगेट्स द्वारा शुक्रवार की शाम खजुराहो स्थित आदिवर्त ग्राम का भ्रमण किया गया।
प्रतिनिधियों ने जनजातीय लोगों की जीवन-शैली के चित्रण को प्रदर्शित करने वाले घर, लोक कला, रहन-सहन की संस्कृति, आभूषण, भेषभूषा और बाबादेव से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विदेशी मेहमानों को सात समूह में गाईड्स द्वारा आदिवर्त में स्थापित गतिविधियों की जानकारी दी गई। प्रारंभ में विदेशी मेहमानों का वैदिक संस्कृति के अनुसार तिलक लगाकर अभिवादन करते हुए स्वागत किया गया।
खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में जी-20 संस्कृति कार्यकारी समूह की प्रथम बैठक 22 से 25 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। यहां मध्यप्रदेश जनजातीय एवं लोककला राज्य संग्रहालय 'आदिवर्त' का आयोजन भी किया जा गया है। सांस्कृतिक गांव आदिवर्त के पहले चरण में सात जनजातियों के गांवों के परिदृश्य को शामिल किया गया है। इसमें जनजातीय एवं लोक कला के संग्रहालय में प्रदेश की प्रमुख जनजातियों, क्रमशः गोंड, बैगा, भील, भारिया, कोरकू, कोल एवं सहरिया के साथ साथ पांचों सांस्कृतिक जनपदों क्रमशः बघेलखंड, बुंदेलखंड, मालवा, निमाड़ एवं चंबल जनपद के प्रतिनिधिक आवासों और जीवनउपयोगी वस्तुओं का निर्माण कर प्रदर्शित किया गया है। अतिथियों ने सांस्कृतिक गांव आदिवर्त की सराहना की।





