गोड्डा में मछली कारोबारी की हत्या
गोड्डा। महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नयानगर में मछली व्यवसायी मोहम्मद जमाल (55) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार की सुबह जमाल का शव उसके घर के सामने पड़ा था। अपराधियों ने उसे बुधवार की रात में ही गोली मारकर हत्या की थी और शव घर के सामने ही बरामद किया गया है। मृतक के पुत्र ने बताया कि बुधवार की रात घर में आकर अपराधियों ने पहले चाकू से वार किया फिर सीने में गोली मारी है। पुत्र गोड्डा में रहकर पढ़ाई करता है। घटना की जानकारी होने पर गुरुवार की सुबह वह नयानगर स्थित अपना घर आया। उसने यह भी बताया कि उसके पिता बन्दीबस्त तालाब में मछली डालने और मत्स्य पालन कर मछली बेचने का कारोबार वर्षों से कर रहे थे। कुछ दिन पहले उनके तालाब में जहर देने मछली भी मार दिया गया था। कारोबार में ही कुछ लोगों के साथ उनकी अनबन चल रही थी। बताया कि वे लोग सीमावर्ती बिहार राज्य के भागलपुर के हैं। पिता ने घर मे इसका जिक्र भी किया था। स्थानीय पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है। महागामा एसडीपीओ डॉ वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि यह आपसी रंजिश के कारण की गई हत्या है। इस मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग भी हाथ लगे हैं। एसडीपीओ ने दावा किया है कि हत्यारों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इधर, महागामा क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि हेमंत सरकार के गठन के बाद से ही अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बीते रविवार को महागामा अनुमंडल के बलबड्डा थाना क्षेत्र में एक मूक बधिर छात्रा के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया। अभी उक्त मामला ठीक से सुलझा भी नहीं था कि महागामा में मछली कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।





