लॉक डाउन उलंघन मामले में होटल संचालक पर प्राथमिकी दर्ज
कोडरमा। कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लागू लॉक डाउन में सरकारी आदेश के उल्लंघन को लेकर झुमरीतिलैया स्थित होटल मेनका के संचालक दीपक कुमार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार नगर प्रशासक कौशलेश कुमार व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने सोमवार को स्टेशन रोड स्थित होटल मेनका का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उक्त होटल में लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए 10 से 11 लोगों को होटल में बैठ कर खाना खाते पाया गया। इस संबंध में पूछे जाने पर होटल संचालक द्वारा संतोष जनक जवाब नहीं देने पर उक्त होटल संचालक के विरुद्ध तिलैया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नगर प्रशासक कौशलेश कुमार ने बताया कि सोमवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ संयुक्त अभियान चलाकर शहर के विभिन्न होटलों व अन्य दुकानों में छापेमारी की गई।





