दिल्ली में बम धमाकों के बाद फतेहाबाद पुलिस अलर्ट

-राजस्थान व पंजाब बार्डरों पर वाहनों की हो रही चेकिंगफतेहाबाद, 11 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम धमाके के बाद फतेहाबाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। जिले की पंजाब व राजस्थान से लगी सीमाओं पर नाकाबंदी कर वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। जिले के जाखल, टोहाना व भट्टू रेलवे स्टेशनों पर जीआरपी द्वारा मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशन परिसर के हर हिस्से में चेकिंग की गई है और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की गई। दिल्ली से आने वाली ट्रेनों, बसों और कारों पर पुलिस द्वारा नजर रखी जा रही है। जिलेभर में रेलवे स्टेशनों बस स्टैंड और नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। फतेहाबाद में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई है। इसके अलावा होटलों, धर्मशालाओं में भी पुलिस की टीमें चेकिंग कर रही हैं।टोहाना में शहर थाना के सब इंस्पेक्टर ईश्वर पुनिया के नेतृत्व में एक टीम ने इन सभी जगहों पर गहनता से जांच की। सब इंस्पेक्टर ईश्वर पुनिया ने बताया कि दिल्ली में बम ब्लास्ट की घटना के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि शहर में कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जा सके। इस अभियान में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।





