फतेहाबाद : साइबर ठगी का शिकार हुआ किसान, दो खातों से निकाले लाखों रुपये

फतेहाबाद। साइबर ठगों ने एक किसान को अपना शिकार बनाते हुए उसके दो बैंक खातों से 2.69 लाख रुपये निकाल लिए। किसान को जब अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला तो उसने ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद शुक्रवार को साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी के बारे में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में रतिया के गांव लाली निवासी रणजीत ने कहा है कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है और उसका एचडीएफसी बैंक में खाता है। इसके अलावा उसका एक केसीसी खाता व अन्य बैंक खाता भी है। तीनों खातों में उसका एक ही मोबाइल नंबर दर्ज है। उसने बताया कि 4 अक्टूबर को उसके खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 2 लाख रुपये हड़प लिए हैं, जबकि इस सम्बंध में उसके पास किसी का फोन नहीं आया। जब उसे बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज मिला तो उसने एचडीएफसी बैंक के कर्मचारी मनदीप को फोन किया और उसे बताया कि उसके खाते में किसी ने छेड़छाड़ करके 2 लाख रुपये निकाल लिए हैं। मनदीप ने बताया कि उसके खाते से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। इसके अगले दिन 5 अक्टूबर को उसके उसी खाते से 40500 रुपये तथा दूसरे खाते से 29 हजार रुपये निकल गए। इस तरह उसके खातों से अज्ञात ठगों ने धोखाधड़ी करके कुल 2 लाख 69 हजार 500 रुपये निकाल लिए। इस पर उसे अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला और उसने इस बारे में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। अब इस मामले में साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





