फरीदाबाद : झील में डूबने से दो दिल्ली के युवकों की मौत
फरीदाबाद,। जिले के सिरोही गांव के पास बनी अप्राकृतिक झील में नहाते
समय दो दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस व आसपास के लोगों ने काफी
मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। एक
युवक को चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार
को दिल्ली के संगम विहार इलाके से चार दोस्त मोहन, मानस झा, राजीव और साजिद
इंटरनेट पर झील के मनमोहक दृश्य देखने के बाद मौज मस्ती के लिए अपनी बाइक
और स्कूटी से सिरोही झील पहुंचे थे। चारों युवक नहाने के लिए झील में उतर
गए, लेकिन शायद युवकों को झील की गहराई और उसके अंदर छुपे खतरनाक पत्थरों
के बारे में अंदाजा नहीं था। नहाने के दौरान चारों गहरे पानी की ओर चले,
तभी मोहन और मानस झा झील में डूबने लगे। साथ नहा रहे उनके दोस्त राजीव और
साजिद ने उनको बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे काफी प्रयास के बावजूद भी
मोहन और मानस को नहीं बचा पाए। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस व
आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने आसपास के लोग की मदद से झील में
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद झील में डूबे दोनों युवकों को
बाहर निकाला गया। घटना में साजिद पूरी तरह से ठीक है, वहीं मोहन और मानस का
बचाते समय राजीव को चोट आई है। उसे फरीदाबाद के ही एक निजी अस्पताल में
भर्ती कराया गया है। थाना धौज के एसएचओ शिव चरण ने बताया कि पुलिस आगे की
कार्रवाई कर रही है।





