फतेहाबाद में गर्मी से एक की मौत
फतेहाबाद, । पिछले 10 दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों में
हा-हाकार मचा हुआ है। फतेहाबाद जिले का तापमान सोमवार को दूसरे दिन भी
रिकार्ड 48 डिग्री सेल्सियस बना रहा वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री
सेल्सियस दर्ज किया गया है। सोमवार को शहर के अधिकतर स्कूल खुले लेकिन
गर्मी के कारण स्कूलों में बच्चों की हाजिरी काफी कम रही। दूसरी तरफ जिले
में अब यह गर्मी जानलेवा भी साबित होने लगी है। जिले के भिरडाना गांव में
एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति रविवार को घर से
गया था और आज वह गांव के बाहर मृत पड़ा मिला।
आशंका जताई जा रही है
कि गर्मी या फिर हृदय घात से व्यक्ति की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस ने शव
को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के
कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर धारा 174 के
तहत इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। मिली जानकारी के अनुसार भिरडाना निवासी 40
वर्षीय पवन मजदूरी का काम करता था।
उसकी दो बेटियां और एक बेटा
हैं। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह वह काम के लिए कहकर घर से चला गया,
लेकिन रात को वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों के द्वारा उसकी तलाश की जा रही
थी, तो आज गांव के बाहर वक्फ बोर्ड की जमीन पर वह मृत हालत में पड़ा मिला।
वहीं पर उसकी बाइक भी खड़ी था। अंदेशा जताया जा रहा है कि गर्मी से तबीयत
बिगडऩे या हृदय घात होने से उसकी मौत हुई होगी। पुलिस का कहना है कि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि व्यक्ति की मौत गर्मी
के कारण हुई है या फिर हृदय घात के कारण हुई है।





