फतेहाबाद: करोड़ों के धान फर्जीवाड़े में चार आरोपी गिरफ्तार

फतेहाबाद। करोड़ों रुपये के धान फर्जीवाड़ा प्रकरण में इकोनॉमिक सेल फतेहाबाद ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों की पहचान भूपिंदर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी बुर्ज, सुखदेव पुत्र शार्दुल सिंह निवासी रत्ताखेड़ा, बलिहार सिंह पुत्र सुदेव सिंह निवासी रतिया और केवल सिंह पुत्र सोहन सिंह निवासी नन्हेड़ी के रूप में हुई है। शुक्रवार को इस बारे जानकारी देते हुए इकोनॉमिक सेल प्रभारी निरीक्षक संदीप ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वर्ष 2020 की खरीफ सीजन के दौरान ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अन्य व्यक्तियों की भूमि का फर्जी पंजीकरण कर सरकारी खरीद एजेंसियों के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री की। इस फर्जीवाड़े में मार्केट कमेटी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा हरियाणा राज्य गोदाम निगम के कुछ अधिकारियों/कर्मचारियों की मिलीभगत की भी आशंका है। आरोप है कि इन व्यक्तियों ने अन्य राज्यों से सस्ते दामों पर धान खरीदकर उसे हरियाणा में एमएसपी दर पर बेचकर करोड़ों रुपये का अवैध लाभ कमाया और सरकार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471, 409 तथा 120-बी के तहत अभियोग पंजीबद्ध कर आगे की विस्तृत जांच जारी है। जांच के दौरान अन्य संलिप्त व्यक्तियों व संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों की भूमिका का भी गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा।





