नशे में धुत युवक ने पेड़ पर लगा ली फांसी
रामगढ़। बरलांगा थाना क्षेत्र के बरगाटोला में सोमवार को एक युवक ने नशे में धुत होकर आत्महत्या कर ली। वह खेत में काम करने गया था और इसी दौरान एक पेड़ से फांसी लगाकर झूल गया। खेतों में काम कर रही महिलाओं ने जब उसकी फांसी से झूलती हुई लाश देखी, तो शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। घटनास्थल पर पहुंचे एएसआई परमहंस प्रसाद ने बताया कि मृतक की शिनाख्त चितरंजन बेदिया (32) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पता चला है कि चितरंजन अक्सर नशे में रहता था। इसी वजह से उसका झगड़ा ग्रामीणों के साथ होता रहता था। सोमवार को भी वह खेतों में ही काम करने के लिए गया था। शायद इसी वक्त नशे में धुत होकर उसने आत्महत्या कर ली होगी। पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या मान कर ही चल रही है। लेकिन इस बात का संदेह भी जाहिर कर रही है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चलेगा।





