शादी के 14 दिनों बाद उजड़ा सुहाग : कोरोना से ठीक होने पर युवक के फेफड़े में हुआ संक्रमण, इलाज के दौरान मौत
मेदिनीनगर : कोरोना संक्रमण ने पलामू में एक घर में 14 दिन पहले इकलौटे बेटे की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शुक्रवार को नावहाता मुहल्ला निवासी श्रीमन कुमार राय (33) की रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। दरअसल, श्रीमन कुमार राय कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके थे पर उनके फेफड़े में इंफेक्शन था। 10 मई को वे रांची में इलाज कराने के लिए गए, जहां शुक्रवार की शाम घर पर उनकी माैत की सूचना आई। इधर, इस घटना के बाद से नवविवाहिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना नावहाता मुहल्ले की है। नावहाता मुहल्ला के रहने वाले सहजानन्द राय पर बेटे श्रीमन कुमार राय (33) की मौत के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चार बहनों के बीच श्रीमन एक भाई थे। श्रीमन कुमार राय रांची के नामकुम में स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में प्रोजेक्ट असिस्टेंट के पद पर कार्यरत थे। श्रीमन की शादी 30 अप्रैल को आरा (बिहार) में उमेश पांडेय की बेटी रिकम पांडेय से हुई थी। इसके बाद से श्रीमन की तबियत बिगड़ने लगी। बुखार नहीं छूटने पर कोरोना जांच हुआ। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर 5 मई को उन्हें एमएमसीएच में इलाज के भर्ती किया गया। श्रीमन के पिता सहजानंद राय ने बताया कि इलाज होने पर उनके बेटे की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई। लेकिन लंग्स में इंफेक्शन होने के कारण सांस लेने में समस्या हो रही थी। इसलिए 10 मई को रांची के निजी हॉस्पिटल में उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया। शुक्रवार की शाम उनकी मौत की खबर बुजुर्ग पिता को मिली।





