किसानों की मांग को लेकर 1 सितंबर को भूख हड़ताल करेगी सीपीआई
रामगढ़। किसानों की मांग को लेकर 1 सितंबर को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को ऑनलाइन पार्टी नेताओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में किसान संघर्ष समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता, अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव महेंद्र पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष के डी सिंह, उपाध्यक्ष गणेश महतो , झारखंड राज्य किसान सभा के सुफल महतो, सुरजीत चिन्हा, अखिल भारतीय किसान महासभा सचिव पूरन महतो, अध्यक्ष हिरा गोप, किसान संग्राम समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र गोप सहित कई लोगों ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि किसान संघर्ष समन्वय समिति के बैनर तले एक सितंबर को किसान मांग दिवस के रूप में मनाया जाएगा। केंद्र एवं राज्य सरकार के किसान विरोधी नीतियों के विरोध में एक दिवसीय भूख हड़ताल किसान संगठनों के लोग करेंगे। कमर्शियल माइनिंग के सवाल पर केंद्र एवं राज्य की सरकार दोनों अपने हित में समझौता कर चुके हैं। इसीलिए भूख हड़ताल के माध्यम से किसान संगठनों के लोग राष्ट्रपति को मांग पत्र राज्यपाल के माध्यम से भेजेंगे।





