कोरोना खत्म नहीं हुआ, लोग लापरवाही न बरतें : डीसी
मेदिनीनगर : उपायुक्त- सह- जिला दंडाधिकारी शशि रंजन की अध्यक्षता में बुधवार को वैश्विक महामारी कोरोना के बचाव को लेकर लोगों को जागरूक करने हेतु बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपायुक्त ने जिले में वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव हेतु लोगों को जागरूक करने के लिए जगह जगह पर होर्डिंग, लोगों के बीच लीफलेट्स तथा अन्य तरीकों को अपनाने की बात कही। उन्होंने बैठक में मौजूद पदाधिकारियों को कहा कि जिले के सभी ब्लॉक तथा पंचायतों में लोगों को बताएं कि कोरोना खत्म नहीं हुआ है। इसके लिए ब्लॉक में मौजूद बीपीएम तथा सखी मंडलों की दीदियों का रोल अहम है। उन्हें लोगों तक पहुंच उन्हें जागरूकता संदेश देने की जरूरत है। साथ ही इस दौरान उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना से मास्क, सैनिटाइजर तथा दो गज की दूरी का पालन करके ही बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग किया जाना है। इसके लिए कल से ही ऑनलाइन स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता जिले के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शुरू की जा रही है। प्रतियोगिता मे भाग लेने को इच्छुक छात्र, छात्रा या अन्य कोई सामान्य व्यक्ति हिंदी अथवा पलामू की स्थानीय बोलियों , भाषाओं में मास्क, सैनिटाइजर के उपयोग तथा सामाजिक दूरी के पालन से संबंधित स्व रचित स्लोगन भेज सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के विजेताओं के चयन के लिए जिला स्तरीय समिति नर्णिय करेगी एवम चयनित स्लोगनों का व्यापक उपयोग लोगों की जागरूकता के लिए किया जाएगा। जागरूकता अभियान के तहत उन्होंने जिले में मौजूद स्लम एरिया में साबुन तथा मास्क का वितरण करने हेतु नर्दिेश दिया। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान लगने वाले पंडालों में कोरोना से बचाव का संदेश लगाना अनिवार्य है। बैठक में उपायुक्त जिला दंडाधिकारी श्री शशि रंजन के अलावा उप विकास आयुक्त श्री शेखर जमुआर, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री अजय सिंह बड़ाईक, एसडीपीओ सदर संदीप कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय उप निदेशक-सह- जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आनंद, जेएसएलपीएस डीपीएम श्री विमलेश शुक्ला, डीपीएम हेल्थ श्री दीपक कुमार सहित अन्य मौजूद थे।





