कोरोना: आदित्य ठाकरे कोरोना पॉजिटिव
महाराष्ट्र में कोरोना का संक्रमण बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार एक बार फिर सख्त कदम उठाने पर विचार कर रही है। वहीं दूसरी ओर खबर है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और प्रदेश सरकार में मंत्री आदित्य ठाकरे कोरोना संक्रमित हो गए हैं। आदित्य ठाकरे ने खुद ट्वीट करके इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना के लक्षण महसूस होने के बाद मैंने अपनी जांच करवाई तो रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। हाल के दिनों में मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से निवेदन है कि वे अपनी जांच करवा लें और कोरोना के हर नियम का पालन करें।
नागपुर: 24 घंटे में 3679 नए मामले
इधर, नागपुर में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3,679 मामले सामने आए हैं। जबकि 1,594 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है और 29 लोगों की मौत हुई है। यहां कोरोना के कुल 1,89,466 मामले हैं। जबकि अभी तक कुल 1,57,249 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में 27,625 सक्रिय मामले हैं और कुल 4,592 लोगों की अब तक मौत हुई है।
नागपुर में 31 मार्च तक के लिए बढ़ा लॉकडाउन
नागपुर में 31 मार्च तक के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। पहले यह लॉकडाउन 21 मार्च तक के लिए लगाया गया था। इसके तहत सब्जी और अन्य आवश्यक दुकानें शाम 4 बजे तक खुली रहेंगी। रेस्टोरेंट शाम 7 बजे तक खुला रहेगा, जबकि ऑनलाइन भोजन वितरण की अनुमति रात के 11 बजे के बाद नहीं दी जाएगी। स्कूल और कॉलेज 31 मार्च तक बंद रहेंगे। निर्धारित परीक्षाएं कोरोना के दिशानिर्देशों के साथ आयोजित की जाएंगी। वहीं अब मॉल में जाने के लिए कोरोना जांच आवश्यक कर दिया गया है।





