राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है : गरिमा मेहरा दसौनी
देहरादून,। उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी
ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून
व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि
यहां आए दिन महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है।
प्रदेश
मुख्यालय राजीव भवन में बुधवार को प्रेस वार्ता में गरिमा मेहरा दसौनी ने
कहा कि बीते रोज हरिद्वार के बहादराबाद से जो खबर सामने आई है वह रोंगटे
खड़े कर देने वाली है। हरिद्वार के बहादराबाद में एक नाबालिग बच्ची के साथ न
सिर्फ गैंगरेप हुआ, बल्कि दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या तक कर दी गई।
देहरादून में ही उपनल कर्मी द्वारा आरक्षी के साथ दुष्कर्म किया गया जो कि
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र का मामला है। देहरादून के कैंट में शादी का
झांसा देकर महिला के साथ कई महीनों से दुराचार किया जा रहा था। देहरादून के
ही पटेल नगर में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची जो कि शौच के लिए बाहर गई थी वह
घर से थोड़ी ही दूर पर निर्वस्त्र अवस्था में पाई गई। हल्द्वानी के
बनभूलपुरा से दो छात्रों का लापता हो जाना, साहनी आत्महत्या कांड और
प्रॉपर्टी डीलर रवि बडोला की हत्या बताता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था
नाम की कोई चीज बची नहीं है।





