उत्तराखंड: लोकसभा चुनाव में हार की समीक्षा कर रही कांग्रेस, पीएल पुनिया पहुंचे देहरादून
देहरादून,। उत्तराखंड कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली हार की
समीक्षा कर रही है। इस संदर्भ में गुरुवार को फैक्ट फाइंडिंग कमेटी के
सदस्य और पूर्व सांसद पीएल पुनिया देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय
पहुंचे। पीएल पुनिया का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस
समीक्षा बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के तमाम बड़े नेता उपस्थित हुए। इनमें
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, नैनीताल लोकसभा से
प्रत्याशी रहे प्रकाश जोशी, अल्मोड़ा से प्रदीप टम्टा भी उपस्थित रहे। बैठक
में पौड़ी से प्रत्याशी रहे गणेश गोदियाल एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम
सिंह भी उपस्थित रहे।
मीडिया से बातचीत करते हुए पीएल पुनिया ने
कहा कि पार्टी ने लोकसभा चुनाव में दमखम के साथ चुनाव लड़ा। संगठन ने काफी
मजबूती से काम किया है लेकिन पांचों सीटें हार गए। इसी की समीक्षा करने मैं
देहरादून आया हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने समीक्षा की
दृष्टि से हमें यहां भेजा है ताकि हार के कारणों की समीक्षा कर उन कमियों
को दूर किया जा सके।





