झामुमो की संकल्प सभा में शामिल हुए सीएम चंपाई सोरेन, कहा- लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराकर देश को बचाने का लें संकल्प
रांची: रांची के विधानसभा मैदान में मंगलवार को जेएमएम की ओर से संकल्प सभा आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मंत्री मिथलेश ठाकुर, मंत्री दीपक बिरूवा, मंत्री बेबी कुमारी सहित कई विधायक शामिल हुए। इस दौरान झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव में झामुमो की जीत सुनिश्चित करने और हेमंत सोरेन को जेल से बाहर निकलवाने का संकल्प लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आज हम संकल्प लेते हैं कि हेमंत बाबू के अधूरे कामों को पूरा करने का काम करेंगे। साथ ही आगामी चुनाव में बहरूपिया पार्टी भाजपा को हराकर देश को बचाने का काम करेंगे। मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पांच फरवरी 2024 को सदन में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा और ईडी को यह चैलेंज किया था कि जिस जमीन के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है, उससे जुड़ा एक भी कागज उनके पास से निकाल कर दिखाएं, लेकिन ईडी के पास कोई जवाब नहीं है। इसके बावजूद हेमंत सोरेन को जबरदस्ती जेल में बंद करने का काम किया गया है। आज की संकल्प सभा में सभी लोग यह संकल्प लें के आने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से उखाड़कर फेंक देना है और अपने नेता हेमंत सोरेन को जेल से बाहर निकालना है। इस मौके पर विधायक मथुरा महतो, विधायक सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक भूषण तिर्की, विधायक जोबा मांझी, विधायक जीग्गा मुंडा, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक बैद्यनाथ राम, विधायक सुदीव्य सोनी, मंत्री दर्जा प्राप्त फागो बेसरा, सांसद महुआ मांझी, पूर्व विधायक और ओबीसी आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र महतो सहित जेएमएम के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





