मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीद हवलदार संजय सिंह सैनी को दी श्रद्धांजलि, परिवार को दिलाया हरसंभव सहायता का भरोसा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शहीद हवलदार संजय सिंह सैनी को दी श्रद्धांजलि, परिवार को दिलाया हरसंभव सहायता का भरोसा
कैथल, हरियाणा , 12 जुलाई 2025 : कैथल ज़िले के कौवर्तन गांव में 9 जुलाई को देश सेवा के दौरान शहीद हुए भारतीय सेना के वीर जवान हवलदार संजय सिंह सैनी को श्रद्धांजलि देने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज उनके पैतृक निवास पहुँचे। लेह-लद्दाख में तैनाती के दौरान अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए संजय सैनी ने अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री ने शहीद की पत्नी, माता-पिता और दो मासूम पुत्रों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “देश के लिए बलिदान देने वाले जवान केवल परिवार के नहीं, पूरे राष्ट्र के बेटे होते हैं। शहीद संजय सिंह की वीरता और समर्पण पर हरियाणा को गर्व है। राज्य सरकार उनके परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करेगी।” उन्होंने यह भी बताया कि शहीद के बच्चों की शिक्षा, परिवार की आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
गांववासियों और सेना के अधिकारियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने शहीद की स्मृति को नमन किया और पुष्पांजलि अर्पित की। पूरे गाँव में एक भावुक माहौल देखा गया, जहां हर आँख नम थी, लेकिन गर्व से भरी हुई भी।
यह दौरा केवल संवेदना प्रकट करने का नहीं था, बल्कि यह संदेश देने का भी था कि हरियाणा सरकार अपने वीर सपूतों के परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री का यह कदम एक सशक्त संकेत है कि सरकार शहीदों के सम्मान और उनके परिजनों की गरिमा की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा की शहीद संजय सिंह सैनी की शहादत न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उनका बलिदान हमें यह याद दिलाता है कि सीमा पर तैनात हर जवान की निःस्वार्थ सेवा के पीछे एक पूरा परिवार होता है, जो उसी त्याग और बलिदान की भावना से जुड़ा होता है।





