मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर दिया जोर
पंचकूला, 12 जुलाई — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज पंचकूला में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में प्रदेश और जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 275 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को केवल अकादमिक सफलता तक सीमित न रहते हुए देश के भविष्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र की सबसे अमूल्य संपदा हैं और शिक्षा ही वह माध्यम है जो उन्हें न केवल आत्मनिर्भर, बल्कि आत्मसाक्षात्कार और नैतिक मूल्यों से परिपूर्ण नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में भागीदार बनने की अपील की।
समारोह में मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुधारों पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 15 जिलों में मेडिकल कॉलेज प्रारंभ हो चुके हैं और शेष जिलों में निर्माण कार्य जारी है। साथ ही, बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए हर 20 किलोमीटर पर डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, जिससे उन्हें दूर न जाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन देने के लिए घोषित नई योजना की जानकारी देते हुए बताया कि 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले एससी विद्यार्थियों को ₹1,11,000 की राशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सैनी ने शिक्षा को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर नैतिक और आध्यात्मिक विकास से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को वर्ष 2025 तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जबकि केंद्र सरकार ने इसे 2040 तक लागू करने की समय-सीमा तय की है।
उन्होंने बताया कि राज्य के 1001 स्कूलों में नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क के तहत बच्चों को छठी कक्षा से ही व्यावसायिक और कौशल शिक्षा दी जा रही है। इसी के साथ राज्य सरकार ने ‘सुपर-100’ जैसी पहल से राजकीय स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग की सुविधा प्रदान की है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में शिक्षा पूर्व स्तर पर भी विशेष काम किया जा रहा है। 4081 आंगनवाड़ी केंद्र स्कूल परिसरों में स्थापित हैं और ‘नो होमवर्क’ के सिद्धांत पर आधारित 1418 राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय चलाए जा रहे हैं, जिनमें बालकों को तनावमुक्त वातावरण में शिक्षा दी जाती है।
समारोह में पंचकूला विधायक शक्ति रानी शर्मा, महापौर कुलभूषण गोयल, हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पवन शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सैनी ने अंत में विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आप सभी राष्ट्र के भविष्य हैं। आपके अंदर प्रतिभा है, ऊर्जा है और संकल्प भी। बस ज़रूरत है सही दिशा, शिक्षा और संकल्प की। यही भारत को विकसित राष्ट्र बनाएगा।"





