गुजरात : मुख्यमंत्री ने बारिश से प्रभावित छोटाउदपुर जिले का किया दौरा
जिले के सर्वाधिक प्रभावित बोडेली में पीड़ितों से मिले मुख्यमंत्री
वड़ोदरा/अहमदाबाद। भारी बारिश और बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित मध्य गुजरात के छोटाउदपुर जिले के बोडेली क्षेत्र का मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने जायजा लिया और पीड़ितों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे प्रशासन के बचाव एवं राहत कार्यों व आश्रय स्थलों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।मंगलवार को मुख्यमंत्री पटेल ने भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित जिले छोटाउदपुर जिले के बोडेली क्षेत्र का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री पटेल ने बर्देली की वर्धमान नगर बस्ती के प्रभावित लोगों से मुलाकात की और उनसे बारिश के चलते हुए नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री पटेल ने शिरोलावाला हाईस्कूल में बनाए गए आश्रय लेने वाले प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की और उन्हें उपलब्ध भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके साथ है। यहां विपक्ष के नेता सुखराम राठवान ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर बारिश से हुई तबाही की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों की मदद करने का वादा किया और कहा कि राज्य सरकार के मानदंडों के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता दी जाएगी।मुख्यमंत्री ने जिला छोटाउदपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर जिला प्रशासन को लोगों की मदद करने के निर्देश दिये| उन्होंने अधिकारियों को प्राकृतिक आपदा में अपनी जान और संपत्ति गंवाने वालों को सहायता के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के गांवों में बिजली की आपूर्ति बहाल करने और बारिश के बाद संक्रामक बीमारियों को रोकने के लिए सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया।उल्लेखनीय है कि 24 घंटे में राज्य के 245 तालुकों में जबरदस्त बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश 21.36 इंच नर्मदा के दडियापाड़ा में दर्ज की गई। इसके अलावा नर्मदा के तिलकवाड़ा में 20 इंच, सूरत के उमरपाड़ा में 17 इंच, नर्मदा के सगबारा में 16 इंच, वलसाड के कपराडा में 16 इंच और पंचमहल के जम्बूढोडा में 11.4 इंच बारिश दर्ज की गई है। राज्य का सरदार सरोवर नर्मदा बांध का जलस्तर एक ही दिन में दो मीटर बढ़कर 115.88 मीटर हो गई है। नर्मदा जिले में रेड अलर्ट के बीच पिछले 30 घंटे से बारिश हो रही है।





