दिवाली से पहले सरकार ने खोला खजाना, कर्मचारियों का DA 63% हुआ, पेंशनर्स को भी मिलेगा लाभ
केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट मिल गया। केंद्र सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3% बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब DA 60% से बढ़कर 63% हो गया है, जो 1 जुलाई 2026 से लागू होगा। इस फैसले से 48 लाख कर्मचारी और 68 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा। 18,000 बेसिक वालों को 540 रुपये महीना ज्यादा मिलेगा। सरकार पर 10,016 करोड़ का अतिरिक्त बोझ आएगा।

केंद्र सरकार ने दिवाली से ठीक पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका ऐलान किया। अब DA 60% से बढ़कर 63% हो गया है।यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएगी। यानी कर्मचारियों को जुलाई से अक्टूबर तक का एरियर भी मिलेगा। इस फैसले से करीब 48 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा होगा। सरकार पर इस फैसले से सालाना करीब 10,016 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा।
सरकार साल में दो बार DA बढ़ाती है। पहला जनवरी में और दूसरा जुलाई में। जुलाई 2026 की बढ़ोतरी का इंतजार कर्मचारी लंबे समय से कर रहे थे। दशहरा निकल गया, दिवाली नजदीक है, लेकिन ऐलान नहीं हो रहा था। कर्मचारी संगठनों ने 14 अक्टूबर को कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी। आखिरकार 28 अक्टूबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस पर मुहर लग गई। DA बेसिक पे पर कैलकुलेट होता है। 3% बढ़ने का मतलब हर महीने सैलरी में सीधा इजाफा है। अगर किसी कर्मचारी की बेसिक पे 18,000 रुपये है, तो अब उसे DA के तौर पर 10,800 की जगह 11,340 रुपये मिलेंगे। यानी हर महीने 540 रुपये ज्यादा, साल के 6,480 रुपये।
25,500 बेसिक वालों को 765 रुपये महीना ज्यादा मिलेगा। साल भर में 9,180 रुपये का फायदा। 35,400 बेसिक वाले कर्मचारियों की सैलरी में 1,062 रुपये महीना बढ़ोतरी होगी, जो साल में 12,744 रुपये होती है। 44,900 बेसिक पर 1,347 रुपये महीना और 56,100 बेसिक पर 1,683 रुपये महीना ज्यादा मिलेगा। पेंशनर्स को भी यही फायदा उनकी बेसिक पेंशन पर DR के रूप में मिलेगा। DA के अलावा सरकार ने बोनस का भी ऐलान किया है। पात्र केंद्रीय कर्मचारियों को 30 दिन का एडहॉक बोनस मिलेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 6,908 रुपये है। वहीं 11.4 लाख से ज्यादा रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस मिलेगा, जिसमें अधिकतम 17,951 रुपये तक मिल सकते हैं।
DA बढ़ाने का फैसला AICPI-IW यानी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स के आंकड़ों के आधार पर होता है। पिछले 12 महीनों के औसत इंडेक्स को देखकर DA तय किया जाता है। जून 2026 में इंडेक्स 151.9 पर पहुंच गया था, जिसके बाद 3% बढ़ोतरी तय मानी जा रही थी। फिलहाल 7वें वेतन आयोग के तहत ही DA दिया जा रहा है। 8वें वेतन आयोग की चर्चा चल रही है, लेकिन जब तक नया आयोग लागू नहीं होता, तब तक पुराने फॉर्मूले से ही बढ़ोतरी होती रहेगी। कर्मचारियों के लिए यह दिवाली सच में दोहरी खुशी लेकर आई है - एक तरफ बोनस, दूसरी तरफ महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी और चार महीने का एरियर।
विषय




