हिसार:खनन व्यवसायी वेदपाल तंवर को ईडी ने किया गिरफ्तार
हिसार,। इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते
हुए खनन व्यवसायी को गिरफ्तार किया है। मूल रूप से भिवानी निवासी एवं यहां
के सेक्टर 15 में रह रहे वेदपाल तंवर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है
कि पिछले दिनों ईडी की ओर से दिए गए नोटिस का जवाब देने के लिए दिल्ली गए
वेदपाल तंवर को शुक्रवार काे वहीं पर गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया
जा रहा है कि भिवानी के डाडम में वेदपाल तंवर का खनन का बड़ा कारोबार है।
लगभग नौ माह पहले पहले 3 अगस्त 2023 को यहां के सेक्टर 15 स्थित उसके आवास
पर ईडी ने छापा मारा था। इस दौरान ईडी को कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले थे।
इन दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप था। इसके बाद ईडी ने
नोटिस जारी कर कई बिंदुओं पर वेदपाल तंवर से जवाब मांगा था। बताया जा रहा
है कि जवाब देने में वेदपाल तंवर न केवल देरी की बल्कि ईडी की कार्रवाई में
सहयोग भी नहीं किया था। यहां तक कि वेदपाल तंवर की पत्नी ने भी ईडी टीम के
सदस्यों के साथ उचित व्यवहार नहीं किया और कई सवालों के जवाब देने से बचते
रहे थे।
इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने लगभग नौ माह
पहले खनन व्यवसायी वेदपाल तंवर और हांसी में कांग्रेस नेता सुरेंद्र मलिक
के साथ-साथ अर्बन एस्टेट में रहने वाले एडवोकेट वजीर कोहाड़ के घर पर रेड की
थी। ईडी उस दौरान इनके घर पुलिस सुरक्षा में पहुंची थी। वेदपाल तंवर उस
समय घर पर नहीं थे। तंवर की पत्नी और बेटी घर पर ही थी। छापे के दौरान किसी
को बाहर नहीं जाने दिया गया। तीनों के घरों पर ईडी ने कई घंटों तक
दस्तावेज खंगाले थे और पूछताछ की थी। ये सभी भिवानी के खानक डाडम खनन
कारोबार से जुड़े हैं। तीनों का इकट्ठा ही व्यवसाय है। ईडी की टीम वेदपाल के
घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के अलावा आंगन में खड़ी लग्जरी रेंजरोवर
गाड़ी अपनी कस्टडी में लेकर दिल्ली चली गई थी। हालांकि तब परिवार वालों ने
टीम को बताया था कि यह गाड़ी तंवर के दोस्त की है, लेकिन वे इससे संतुष्ट
नहीं हुए।
ईडी टीम ने तंवर के घर की दीवारों को मशीनों से
चेक किया। इतना ही नहीं घर की पानी वाली टंकी और पड़ोसियों की छतों को भी
चेक किया था। तंवर की बेटी मनीषा और पत्नी सुशीला ने बताया था कि अधिकारी
अपने फोन से ही तंवर से बात करते थे। वे सारे बैंक खातों, पैन कार्ड, आधार
कार्ड के नंबर ले गए। घर के मोबाइल, लेपटॉप चेक किए और गहनों के बिल भी
मांगे। तंवर की भिवानी में छपार गांव में 200 किले पुश्तैनी जमीन और स्कूल
भी है।
वेदपाल तंवर मूलत तोशाम के रहने वाले हैं और
मिर्चपुर कांड में कुछ दलित परिवारों को अपने फार्म हाउस पर ठहराया था। तब
वे काफी चर्चा में आए थे। वेदपाल तंवर, वजीर कोहाड़ और स्वर्गीय सुरेंद्र
मलिक का परिवार किरण चौधरी के नजदीकी हैं। वेदपाल तंवर की हिसार सेक्टर 15
में आलीशान कोठी है। इसके अलावा उनका एक बड़ा फार्महाउस है जो उन्होंने
मिर्चपुर विस्थापितों के रहने के लिए दे दिया था।





