बोकारो में कोरोना से 34वीं मौत, 10 नए और संक्रमित मिले
रिम्स में इलाज के दौरान हुई अधेड़ की मृत्यु, सभी नए पॉजिटिव शहर के
संवाददाता
बोकारो : बोकारो जिले में सोमवार देर रात कोरोना से एक और मौत के मामले की पुष्टि हुई। सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार पाठक के अनुसार रिम्स में इलाज के दौरान 52 वर्षीय एक अधेड़ की मृत्यु हो गई। रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में बीते 25 सितंबर को उन्हें भर्ती कराया गया था। मौत कुछ दिन पहले ही हो गई थी। जिा जन-सम्पर्क पदाधिकारी के अनुसार इसकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आयी। इस प्रकार जिले में अबतक कोरोना से 34 लोगों की मौत हो चुकी है।
दूसरी तरफ, सोमवार को कोविड-19 के 10 और नए मामले सामने आये। पॉजिटिव पाए गए सभी संक्रमित चास-बोकारो के शहरी क्षेत्रों से हैं। नए संक्रमितों में तारानगर निवासी 56 वर्षीय पुरुष, सेक्टर 9ए निवासी 68 वर्षीय पुरुष, को-ऑपरेटिव कॉलोनी से 52 वर्षीय पुरुष, सेक्टर- 4एफ निवासी 50 वर्षीय महिला, चास के 41 वर्षीय पुरुष, 36 वर्षीय पुरुष, 30 वर्षीय पुरुष, 41 वर्षीय पुरुष, 38 वर्षीय महिला एवं 43 वर्षीय पुरुष शामिल हैं। सभी को कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जा चुका है।
स्वस्थ होकर लौटे 60 लोग
इसी बीच बीजीएच के कोविड-19 वार्ड एवं जिला कोविड केयर सेंटर से 60 लोग स्वस्थ होकर अपने घर को लौटे। उत्साहपूर्ण माहौल में स्वास्थ्य विभाग के लोगों ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए प्रमाण पत्र देकर उन्हें उनके घरों को रवाना किया। साथ ही, आगामी 14 दिनों तक एसओपी के तहत सभी को अपने-अपने घरों में होम क्वारोंटाइन में रहने को कहा गया।
2299 लोगों की हुई जांच
जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत जिलाभर से कुल 2299 सैंपल कोरोना जांच में भेजे गए। इनमें आरटीपीसीआर में 640, ट्रू नेट में 323 और रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए 1336 सैंपल एकत्रित किए गए।





