अगले साल के निमंत्रण के साथ मां दुर्गा को दी गई भावभीनी विदाई
कहीं सिंदूर खेला, तो कहीं गगनभेदी जयकारे के बीच हुआ प्रतिा विसर्जन
संवाददाता
बोकारो ः शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा की आराधना का महोत्सव नवरात्रि विजयादशमी को प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न हो गया। श्रद्धालुओं ने जगतजननी जगदंबा को अगले वर्ष फिर आने का निमंत्रण देते हुए भावभीनी विदाई दी। बंगाली परंपरा के अनुसार बोकारो के सेक्टर-3 स्थित चक्की मोड़, बंग भारती, सेक्टर-8 कालीबाड़ी समेत विभिन्न जगहों पर सिंदूर खेला के साथ महिलाओं ने सदा सुहागन रहने की कामना के साथ मां को विदा किया, तो कहीं गगनभेदी जय-जयकार के बीच देवी मइया की प्रतिमा विसर्जित की गई। प्रशासन की ओर से इस बार कोरोना महामारी को देखते हुए वैसे ही कई तरह की बंदिशें थीं। इसके तहत अधिकतर जगहों पर विजयादशमी को ही प्रतिमा विसर्जन कर दिया गया। नगर के सेक्टर-2, सेक्टर-12, सेक्टर-9 समेत सभी जगहों की प्रतिमाएं विसर्जित कर दी गईं।
बोकारो थर्मल में सोल्लास संपन्न हुआ दुर्गोत्सव
बोकारो थर्मल ः बोकारो थर्मल स्थित पंचमंदिर, आॅफिसर्स क्लब, बोकारो क्लब एवं सीसीएल फेज दो में आदिशक्ति मां दुर्गा का पूजनोत्स्व त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दुर्गा पूजा के अवसर पर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस एवं पदाधिकारियों द्वारा शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी पूजा पंडालों में दंडाधिकारियों, अधिकारियों एवं सुरक्षा बलों की व्यवस्था की गयी थी। बोकारो क्लब, पंचमंदिर, आॅफिसर्स क्लब एवं सीसीएल फेज की प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को नम आंखों से एवं अगले वर्ष आने की कामना के साथ कोनार नदी में शाम ढ़लते ही कर दिया गया। बोकारो क्लब एवं पंच मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन के पूर्व बंगाली समुदाय की महिलाओं साहित सभी महिलाओं के द्वारा सिंदूर दान कर आपस में सिंदूर खेला गया तथा अगले वर्ष दुर्गा माता के आने की कामना की गयी।
बेरमो में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया दशहरा
बेरमो (बोकारो) ः सोमवार की संध्या मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ शारदीय नवरात्र के अवसर पर बेरमो कोयलांचल के शहरी एंव ग्रमिण इलाकों में (दुर्गा पूजा ) दशहरा का त्यौहार शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इलाके के फुसरो बाजार, सिंह नगर, स्टाफ क्वार्टर, करगली बाजार, करगली गेट, अमलो, कारो, जरीडीह बाजार, जारंगडीह, कथारा, गांधी नगर, जवाहर नगर, सुभाष नगर, चलकरी, अंगवाली, कल्याणी, मकोली, नावाडीह आदि जगहों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को प्रशासन के निर्देशानुसार विभिन्न नदी व तालाब आदि घाटों पर विसर्जन किया गया। त्योहार को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में स्थानीय पुलिस प्रशासन की मुख्य भूमिका रही।





