जींद रैली को लेकर भाजपा की अनोखी पहल, साइकिल व ई-स्कूटी से पहुंचेंगे कार्यकर्ता

फतेहाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 17 जुलाई को जींद में होने वाली विशाल जनसभा का फतेहाबाद के डीपीआरसी हॉल में लाइव प्रसारण किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
प्रधानमंत्री के संबोधन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण के संदेश के अनुरूप इको-फ्रेंडली स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। रैली की तैयारियों को लेकर गुरूवार को भाजपा जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीन जोड़ा ने की।
बैठक में जिला पदाधिकारियों, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों तथा संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले लोगों के आगमन की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अनाज मंडी शेड के नीचे एकत्रित होंगे और वहां से साइकिल रैली के रूप में डीपीआरसी हॉल पहुंचेंगे।
इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन का संदेश भी दिया जाएगा। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता नगर परिषद परिसर से एकत्रित होकर इलेक्ट्रिक स्कूटी के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी। इस पहल का उद्देश्य प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देना और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
जिला प्रशासन द्वारा डीपीआरसी हॉल में बैठने, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस मौके पर पूर्व विधायक दुड़ाराम, जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, रतिया विधायक जरनैल सिंह, पूर्व विधायक रतिया लक्ष्मण नापा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





