बिहार में एनडीए को मिली जीत का भाजपाइयों ने फतेहाबाद में मनाया जश्न

फतेहाबाद, 15 नवंबर (हि.स.)। बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत की खुशी में शनिवार को बीजेपी जिला कार्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। बीजेपी जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांटकर तथा ढोल नंगाड़ों पर झूमकर खुशी मनाई। इससे पूर्व जवाहर चौक में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया, जहां जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा व जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य ने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर जश्न में हिस्सा लिया। बीजेपी जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि बिहार में एनडीए की प्रचण्ड जीत दर्शाती है कि जनता कांग्रेस व अन्य विपक्षियों के झूठे बहकावों में फंसने वाली नहीं। बिहार सहित पूरे देश की जनता अच्छे और बुरे की पहचान रखती है। विपक्षियों ने महागठबंधन करके भी जो षड्यंत्र रचे, उसे भी जनता ने पूरा नहीं होने दिया और विपक्षियों को मुंह तोड़ जवाब देकर एक बार फिर एनडीए की सरकार पर भरोसा जताया। बिहार के मतदाताओं का आभार जताते हुए जोड़ा ने कहा कि यह जीत सभी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और नई ऊर्जा भरने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार के चुनावी परिणाम स्पष्ट संकेत देते हैं कि जनता अब उन्हीं सरकारों पर भरोसा कर रही है जो वास्तविक कार्य करती हैं और जिनकी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। इस अवसर पर चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, भाजपा नेता अशोक जाखड़, जगदीश शर्मा, मार्केट कमेटी के वाईस चेयरमैन इन्द्र गावड़ी, डॉ. सुमन बजाज, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष खीचड़, परमजीत बैनीवाल, मनोनीत पार्षद जगदीश नायक सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।





