बरेली में BJP को लगा झटका, कश्यप समाज के बड़े नेता धर्मेंद्र कश्यप बेटी संग अखिलेश की सेना में शामिल
UP में 2027 चुनाव से पहले BJP को झटका! बरेली की आंवला सीट से दो बार भाजपा सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप मंगलवार को बेटी कीर्ति कश्यप संग सपा में शामिल हो गए। अखिलेश यादव ने लखनऊ में सदस्यता दिलाई। राज्यसभा टिकट न मिलने से नाराज थे कश्यप, सोशल मीडिया पर 'टाटा बाय-बाय' पोस्ट किया था। उन्होंने BJP पर पिछड़ों की अनदेखी का आरोप लगाया। 2024 में वे सपा के नीरज मौर्य से हारे थे। बेटी बिथरी चैनपुर से विधानसभा चुनाव लड़ सकती है।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बरेली में बड़ा झटका लगा है। आंवला लोकसभा सीट से दो बार के भाजपा सांसद रहे धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी कीर्ति कश्यप और सैकड़ों समर्थकों के साथ मंगलवार, 27 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर बसपा के पूर्व प्रत्याशी आबिद अली, फनीउद्दीन, रंजीत गिरी गोस्वामी, संतोष तिवारी समेत कई अन्य नेता भी सपा में शामिल हुए। अखिलेश यादव ने कहा कि इन नेताओं के आने से समाजवादी पार्टी और मजबूत होगी और 2027 में भाजपा की हार तय है।
धर्मेंद्र कश्यप लंबे समय से भाजपा से नाराज चल रहे थे। 2024 लोकसभा चुनाव में आंवला से सपा के नीरज मौर्य से करीब 15,969 वोटों से हार के बाद वे हाशिये पर चले गए थे। हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में उन्हें टिकट की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा ने बरेली से धर्मपाल सिंह और संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बना दिया। इससे आहत होकर उन्होंने सोशल मीडिया पर 'टाटा बाय-बाय' पोस्ट कर भाजपा छोड़ने का संकेत दिया था। 11 अक्टूबर को उनकी अखिलेश यादव के साथ फोटो वायरल हुई थी, जिसके बाद से उनके सपा में जाने की चर्चा तेज थी। सपा ज्वाइन करने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा, "भाजपा में पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को सम्मान नहीं मिल रहा। पार्टी में मेरा दम घुट रहा था। जिन लोगों ने मुझे चुनाव हरवाया, उन्हीं को बड़ा पद दे दिया गया।" उन्होंने योगी सरकार पर भी हमला करते हुए कहा कि बुलडोजर सिर्फ गरीबों पर चलता है। आपको बता दें धर्मेंद्र कश्यप का राजनीतिक सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वे OBC कश्यप समाज के बड़े नेता माने जाते हैं और बरेली-आंवला क्षेत्र में उनकी पकड़ है। धर्मेंद्र के साथ उनकी बेटी कीर्ति कश्यप ने भी सपा ज्वाइन की है। चर्चा है कि कीर्ति 2027 विधानसभा चुनाव में बरेली की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
धर्मेंद्र खुद ऐलान कर चुके हैं कि वे अपनी बेटी को चुनाव लड़वाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कश्यप के सपा में आने से बरेली मंडल की 3-4 विधानसभा सीटों पर OBC वोट बैंक सपा की तरफ शिफ्ट हो सकता है, जो 2027 के चुनाव में भाजपा के लिए चुनौती बन सकता है।




