पेट्रोल पंप के कर्मचारी से बाइक सवार लुटेरों ने छह लाख लूटे
रामगढ़। जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत दानिश पेट्रोल पंप के कर्मचारी से 6 लाख रुपए अपराधियों ने लूट लिए। सोमवार को इस घटना के बाद से बरकाकाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। दिनदहाड़े लूट की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना की पुष्टि करते हुए पतरातू एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि बरकाकाना ओपी के हेहल गांव के पास दानिश पेट्रोल पंप स्थित है। इस पंप का एक कर्मचारी 6 लाख रुपए हेहल स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा कराने जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दूर अपराधियों ने उसे रोका और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। जैसे ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है। बाइक सवार अपराधियों की शिनाख्त के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही जिस कर्मचारी के साथ लूट की वारदात हुई है, उससे भी अपराधियों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।





