बिहार चुनाव के मद्देनजर झारखंड पुलिस की कार्रवाई, बिहार से सटे दस जिलों की सीमाएं पूरी तरह सील
रांची : बिहार में विधानसभा चुनाव को देखते हुए झारखंड पुलिस अभी से ही सतर्क हो गयी है। राज्य के सीमावर्ती दस जिलों की सीमाएं पूरी तरह सील कर दी गई हैं. सभी सीमा के चेकनाकों पर 24 घंटे वाहनों की जांच की जा रही है. इसके अलावा नक्सल इलाकों में पुलिस लगातार एलआरपी चला रही है.पुलिस की मोबाइल पार्टी अचानक अभियान भी चला रही है. बाइक और पैदल पेट्रोलिंग के लिए भी पुलिस और सुरक्षा बलों की अलग-अलग टीमों की तैनाती की गई है. सीमावर्ती इलाकों पर ड्रोन कैमरे से भी मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि नक्सल गतिवधियों पर नजर रखी जा सके. सीमाओं पर चौकसी के लिए एसपीओ को भी अलर्ट किया गया है। बिहार के साथ सूचना के आदान - प्रदान के लिए टीम गठित की गई है. बिहार तक शराब और पैसों की खेंप न पहुंचे इसके लिए पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम भी दस जिलों में गठित की गई है.





