योजनाओं की जांच करने धावाडीह पहुंचे बीडीओ, आधा अधूरा हुई योजना की जांच
खबर का असर : जांच में लग सकता है 2 से 3 दिन, शुरुआती जांच में गड़बड़ी की पुष्टि
राकेश कुमार वर्मा
नीलांबर पितांबरपुर (पलामू) : पलामू जिले में एक बार फिर राष्ट्रीय सागर में छपी खबर का असर देखने को मिला है। पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के धावाडीह पंचायत में सड़क, नाली , छठ घाट निर्माण में लाखों रुपए घोटाला की खबर छपने के बाद पलामू उपायुक्त के निर्देश पर योजनाओं की जांच करने सतबरवा प्रखंड विकास पदाधिकारी राज किशोर प्रसाद गुरुवार धावाडीह पंचायत पहुंचे। जहां प्रखंड विकास पदाधिकारी ने 4 योजनाओं की जांच की। शुरुआती जांच के क्रम में अनियमितता की पुष्टि हुई है। हालांकि प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की जा रही जांच से ग्रामीण संतुष्ट नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड विकास पदाधिकारी पंचायत के भ्रष्ट मुखिया और अधिकारियों के बचाव में लगे हुए हैं। ग्रामीणों ने जिला स्तर से उच्च स्तरीय टीम गठित कर योजनाओं की सही तरीके से जांच करने की मांग किया है। गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी धावाडीह जैसे ही पहुंचे वहां लोगों की हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों ने मुखिया के करतूत को सामने लाने का भरपूर प्रयास किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने एक एक कर 4 योजनाओं की जांच की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी राज किशोर प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर योजनाओं की जांच करने धावाडीह पहुंचे थे। जांच अभी पूरा नहीं हुआ है। जांच में दो से 3 दिन का समय लग सकता है। शेष योजनाओं को शीघ्र ही जांच कर रिपोर्ट जिला को सौंपा जाएगा। बीडीओ ने बताया कि शुरुआती दौर में कुछ योजनाओं में अनियमितता पाई गई है। अन्य योजनाओं की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बता दें कि पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के धावाडीह गांव निवासी अशोक यादव ने सूचना अधिकार अधिनियम के तहत पंचायत में किए गए कार्य की सूचना मांगा था। प्रखंड द्वारा अशोक यादव को उपलब्ध कराया गया सूचना में कई गड़बड़ी सामने आया है। सड़क , नाली और छठ घाट बगैर बनाए करीब 15 लाख रुपए फर्जी तरीके से निकालकर गबन कर लिया गया है। विधायक कोटे से निर्मित योजनाओं को भी मुखिया और संबंधित अधिकारी ने मुखिया फंड की योजना दिखाकर फर्जी तरीके से पैसा निकालकर हड़प लिया गया है। बिना कार्य कराए लाखों रुपए गबन किए जाने की शिकायत अशोक यादव और ग्रामीणों ने पलामू उपायुक्त से किया है। अब देखना होगा कि आखिर क्या दोषी मुखिया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होती है या मामले की लीपापोती।
बीडीओ के जांच से संतुष्ट नहीं है ग्रामीण, उच्च स्तरीय जांच की मांग
प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकिशोर प्रसाद द्वारा योजनाओं की हो रही जांच से ग्रामीण संतुष्ट नहीं है। पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता के सतबरवा प्रखंड के विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह चेरो ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा जो योजनाओं की जांच हो रही है वह संतोषजनक नहीं है। हवाई उप मुखिया उमेश यादव ने कहा कि बीडीओ निष्पक्ष तरीके से योजना की जांच नहीं कर रहे हैं। समाजसेवी अशोक यादव ने कहा कि बीडीओ सही तरीके से योजनाओं की निष्पक्ष जांच नहीं कर रहे हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी दोषी मुखिया और संबंधित अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र सिंह चेरो, उप मुखिया उमेश यादव , अशोक यादव आदि ग्रामीणों ने पलामू उपायुक्त से जिला से कमेटी गठन कर उच्च स्तरीय जांच की मांग किया है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उच्च स्तरीय तरीके से योजना की जांच नहीं होती है तब तक दोषी लोगों पर कार्रवाई नहीं हो पाएगा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि यदि उच्च स्तरीय जांच कर दोषी मुखिया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती है तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।





