राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त रिश्वत लेते गिरफ़्तार
देहरादून,। राज्य की धामी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के
खिलाफ लगातार शिकंजा कस रही है। मंगलवार को विजिलेंस ने राज्य कर विभाग के
सहायक आयुक्त को 75 हजार रुपये की घूस लेते गिरफ़्तार किया है।
धामी
सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक के बाद एक कार्रवाई कर रही है। पिछले
कुछ दिन में ही राज्य कर समेत लघु सिंचाई विभाग, वन विभाग, विद्युत विभाग
एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के घूसखोर अधिकारी- कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया
गया है। भ्रष्टाचार की रोकथाम को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देश पर टोल फ्री
1064 नंबर भी जारी किया गया है। इस मुहिम के तहत यदि किसी भी सरकारी विभाग
में कोई कर्मचारी, अधिकारी आम जनता से किसी भी तरह की रिश्वत मांगता है तो
1064 टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत कर सकता है। शिकायत करने वाले का नाम
एवं नंबर गुप्त रखा जाएगा। भ्रष्टाचार की शिकायत पर बेहद सख्त कार्रवाई की
जाएगी। इसके लिए जांच एजेंसियों को खुली छूट दी गई है।
इस संबंध
में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ किया है कि विभागों में कमीशन
मांगने वालों, जनहित के कार्यों में रिश्वत मांगने वालों को किसी भी सूरत
में बख्शा नहीं जाएगा। इनके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी। सभी सरकारी
कर्मचारियों और अधिकारियों को पूरी ईमानदारी और पारदर्शी तरीके से काम करना
होगा।





