माता सीता पर अश्लील टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
रामगढ़ । जिले के वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र में एक मुस्लिम युवक
के द्वारा माता सीता पर अश्लील टिप्पणी की गई। यह बात शुक्रवार को जैसे ही
लोगों ने सोशल मीडिया पर देखी, वे भड़क उठे। सैकड़ों लोगों ने घाटो निवासी
तहसीन राजा के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां तक कि उसके घर के बाहर
लोगों ने जमकर विरोध जताया। इस संबंध में वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी पशुपति
नाथ राय ने बताया कि तहसीन राजा, डीएवी स्कूल के अकाउंट क्लर्क जाकिर
अंसारी का बेटा है। उसके द्वारा सोशल मीडिया पर गलत टिप्पणी की गई थी। इसके
बाद घाटों के लोग आक्रोशित हो गए। उन लोगों ने इसका विरोध जताया और तत्काल
इसकी शिकायत भी की। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही तहसीन राजा की
गिरफ्तारी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने
की कोशिश करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोनों समुदायों के
लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें। प्रशासन हर कदम पर उनके
साथ है। उन्होंने यह भी कहा है कि दोनों समुदाय के लोग इस मुद्दे को लेकर
ना तो प्रदर्शन करें और ना ही इलाके की शांति भंग करें। यह मामला साइबर
क्राइम से जुड़ा हुआ है। जिस व्यक्ति ने यह अपराध किया है, उसे गिरफ्तार कर
लिया गया है। वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी ने बताया कि इलाके में शांति
व्यवस्था बहाल करने के लिए शांति समिति की बैठक भी की जाएगी, ताकि इस
मुद्दे का राजनीतिकरण ना हो।





