फतेहाबाद : प्रेम प्रसंग में हुई थी अंकित की हत्या, आरोपित सुरेश नायक को सीआईए ने किया गिरफ्तार

फतेहाबाद। प्रेम प्रसंग के चलते हुए सनसनीखेज अंकित हत्याकांड में फतेहाबाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआईए स्टाफ फतेहाबाद की टीम ने गुरूवार को वांछित आरोपित सुरेश नायक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित भूना की शनि कॉलोनी का रहने वाला है। इससे पहले इस मामले में पुलिस द्वारा मुख्य आरोपित रमेश, अश्वनी और विजय कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सब इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ढाका के नेतृत्व में चल रही इस जांच में अब तक कुल चार आरोपिताें की गिरफ्तारी हो चुकी है। भूना थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि 10 जून को दर्ज हुए इस मामले की शुरुआत अंकित की गुमशुदगी से हुई थी, लेकिन जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते आरोपिता ने मिलकर अंकित की लाठी-डंडों और ईंटों से बेरहमी से हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को भाखड़ा नहर में फेंक दिया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। 13 जून को फतेहाबाद ब्रांच भाखड़ा नहर के पास गोरखपुर क्षेत्र से अंकित का शव बरामद किया गया। शव पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले, जिससे साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए छह लोगों को नामजद किया था। पुलिस की सख्त कार्रवाई और तकनीकी सहायता से अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।





