आध्यात्मिक रंग में रंगा पलामू
पलामू,
22 जनवरी । पलामू सोमवार को आध्यात्मिक रंग में रंगा दिखा। अयोध्या
में नवनिर्मित राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर जिले भर
में एक हजार से अधिक मंदिरों में विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं। कई
संगठनों की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। मंदिरों को फूलों, दीपों, झंडों और
पोस्टरों से सजाया गया है। पूरा जिला राममय नजर आया।
शहर से लेकर
गांव तक श्रीराम की भक्ति में लोग डूबे हुए हैं। बड़े मंदिरों के साथ ही
गली-मुहल्ले के छोटे मंदिरों को भी सजाया गया है। अयोध्या में आयोजित श्री
राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण भी किया गया। विष्णु मंदिर में
विशेष पूजा का लाइव प्रसारण भी किया जा रहा था। विशेष पूजा के बाद शाम में
दीपोत्सव किया गया। राम के गीत सुबह से रात तक गूंज रहे हैं। श्रीराम के
भगवा पताका से शहर पट गया है।
जिला और पुलिस प्रशासन विधि व्यवस्था
को लेकर अलर्ट मोड में रहा। कार्यक्रम और संवेदनशील इलाकों की मॉनिटरिंग
ड्रोन से की गयी। रविवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला गया था। एसपी
रीष्मा रमेशन ने कहा है कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर धार्मिक
भावना भड़काने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी
गई।
एक सौ लोगों ने किया सुंदर काण्ड का सामूहिक पाठ
मुख्य
बाजार स्थित श्री संकट मोचन महावीर मंदिर प्रबंधन द्वारा भव्य कार्यक्रम
का आयोजन गया। मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया है। यहां एक सौ लोगों ने
एक साथ सुंदर काण्ड का सामूहिक पाठ किया। इसके साथ ही भजन कीर्तन,
महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण हुआ। खासकर बाजार एरिया में भगवा झंडे
लहराते नजर आए। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पंचमुहान पर जमकर पटाखे
फोड़े गए। इसी तरह छहमुहान, थाना रोड में अंबेडकर पार्क के सामने, पंचमुहान,
बाजार एरिया सहित अन्य जगहों पर भंडारा का आयोजन किया गया। खीर, पुड़ी का
वितरण किया गया।





