टोहाना पुलिस ने वेश्यावृति करवाने के आराेप में फरार स्पा सेंटर संचालक को किया गिरफ्तार
फतेहाबाद। टोहाना में एक स्पा सेंटर में वेश्यावृति का धंधा करने के मामले में मौके से फरार हुए सेंटर संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पकड़े गए युवक की पहचान विरेन्द्र पुत्र चन्द्रभान निवासी खरौड़, जिला जींद हाल आदर्श कालोनी, टोहाना के रूप में हुई है। थाना शहर टोहाना पुलिस ने इस बारे में 29 सितंबर 2023 को केस दर्ज किया था।थाना शहर टोहाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने शनिवार को बताया कि डीएसपी शमशेर सिंह को सूचना मिली थी कि चण्डीगढ़ रोड स्थित गोल्डन स्पा सेंटर में मुराल उर्फ सीटू वेश्यावृति का धंधा करवाता है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने एक कर्मचारी को सादी वर्दी में सेंटर पर भेजा और इशारा मिलते ही सैंटर पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से सेंटर संचालक मुराल उर्फ सीटू निवासी लुदाना, जिला जींद को काबू कर लिया। पुलिस ने स्पा सेंटर से 4 महिलाओं को भी पकड़ा था।सेंटर संचालक मुराल उर्फ सीटू ने पूछताछ में बताया था कि उसने अपने पार्टनर विरेन्द्र व विकास निवासी पटियाला चौक जींद के साथ गोल्डन स्पा सैंटर किराये पर ले रखा है। विकास आज बाहर गया हुआ है जबकि विरेन्द्र पुलिस को देखकर मौके से भाग गया था। इस पर पुलिस ने सैंटर संचालक तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर दो अन्य युवकों की तलाश शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी ने शनिवार काे इस मामले में आगामी कार्रवाई करते हुए सैंटर संचालक विरेन्द्र को भी गिरफ्तार कर लिया है





